सप्तम वार्षिकोत्सव-2020 का पहला दिन : मुम्बई के अम्बरीश कुमार व सुदर्शन कुमार होंगे मुख्य वाचकजयपुर, 3 जनवरी। श्री दादीजी मंगलपाठ समिति, जयपुर की ओर से शुक्रवार को सप्तम वार्षिकोत्सव-2020 की शुरुआत बनीपार्क स्थित अनमोल बंधन में हर्षोल्लास से हुई। पहले दिन शुक्रवार को मेहंदी उत्सव में समिति के करीब 200 से अधिक पुरुष व महिला सदस्यों ने हिस्सा लिया। करीब 150 से अधिक महिलाओं हाथों में मेहंदी रचाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चन्द्रप्रकाश भाड़ेवाला और गोविन्दी देवी मौजूद रहीं। प्रारंभ में श्री दादीजी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया।
मेहंदी राचन लागी हाथ में दादी के नाम री...
समिति अध्यक्ष किशन चौखानी ने बताया कि मेहंदी उत्सव में समिति सदस्यों ने श्रीदादीजी के करीब 60 से अधिक भजनों पर सलोने नृत्य कर खुशिया बांटी। मेहंदी राचन लागी हाथ में दादी के नाम री..., घुंघटियों आड़ो आया थाने देखूं कीयां..., हम दादी वाले हैं..., और नामोनारायण...जैसे भजनों पर महिलाएं ही नहीं पुरुषों ने भी सुर लय के सथ ताल से ताल मिलाई। श्रीदादीजी के सुरीले भजनों से माहौल में आध्यात्म का उत्सवी रंग भर गया। इस अवसर पर कई रोचक गेम्स भी खेले गए। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अरुण गोयल ने बताया कि गु्रप गेम्स, हाऊजी आदि सभी सांस्कृतिक गतिविधियां श्री दादीजी के रंग में सराबोर रही।
संगीतमय मंगलपाठ 5 को
समिति की वाइस प्रेसीडेंट सरोज अग्रवाल ने बताया कि सप्तम वार्षिकोत्सव में 5 जनवरी, रविवार को दोपहर 1 बजे राजावास, सीकर रोड स्थित मिराकल रिसोर्ट में 551 आसनों पर श्री दादीजी संगीतमय मंगलपाठ का भव्य आयोजन होगा। इस दौरान श्री दादीजी का भव्य शृंगार भी आकर्षण का केन्द्र रहेगा। छप्पन भोग की झांकी सजेगी। कार्यक्रम में मुम्बई के मशहूर मंगलपाठ वाचक अम्बरीश कुमार व सुदर्शन कुमार होंगे। श्री दादीजी संगीतमय मंगलपाठ कार्यक्रम में 5 जनवरी को दोपहर 12 बजे ज्योति प्रज्वलन और रात्रि 8 बजे आरती होगी।
No comments:
Post a comment