जयपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर 5 जून की सुबह जयपुराइट्स ने दौड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुखराम विश्नोई ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ‘रन फॉर एनवारनमेंट’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाकर पर्यावरण का संरक्षण करें और उसे प्रदूषित होने से बचाएं।
- विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सवाई मानसिंह स्टेडियम में ‘रन फॉर एनवारनमेंट’ का आयोजन
- वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुखराम विश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
‘जॉइन हैंड्स टू नॉक आउट द पोल्यूशन’ एवं ‘पंच पोल्यूशन’ के संकल्प के साथ प्रतिभागियों ने एसएमएस स्टेडियम से दौड़ शुरू की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही तख्तियां और बैनर लिए रामबाग सर्किल, जेडीए सर्किल एवं गांधी सर्किल से टोंक रोड होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचे। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजर्ग सभी जोश से सरोबार दिखे।
इससे पहले मंत्री सुखराम विश्नोई ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय प्रयास करने का आह्वान करते हुए कहा कि पेड़ों को बचाने के लिए हमारा इतिहास बहुत ही गौरवान्वित करने वाला रहा है। खेजड़ली में लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर पेड़ों को बचाने के लिए जान न्यौछावर कर दी थी। उन्होंने अपने सिर का पेड़ों से सस्ता समझा। हमें भी इसी भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के चेयरमैन सुदर्शन सेठी, वन एवं पर्यावरण विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रेया गुहा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक जीवी रेड्डी, एनसी जैन, पर्यावरण विभाग की शासन सचिव शिखा मेहरा, मंडल की सदस्य सचिव शैलजा देवल, जयपुर जिला कलक्टर जगरूप सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिला कलक्टर जगरूप सिंह यादव भी दौड़े
जयपुर जिला कलक्टर जगरूप सिंह यादव ने भी अन्य प्रतिभागियों के साथ दौड़ पूरी कर पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने प्रतिभागियों में जोरदार उत्साह का संचार कर दिया। कलक्टर को अपने साथ दौड़ते देख प्रतिभागी भी रोमांचित नजर आए। यादव नियमित दौड़ने के साथ समय-समय पर दौड़ से संबंधित आयोजनों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।
No comments:
Post a comment